भास्कर न्यूज़ –
संवाददाता कन्नौज –
कन्नौज के तिर्वा एसडीएम राजेश कुमार ने गुरुवार को उमर्दा स्थित गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उपभोक्ताओं को गैस वितरण में आ रही समस्याओं के मद्देनजर किया गया।एसडीएम ने गैस वितरण व्यवस्था, रजिस्टर और उपभोक्ताओं की केवाईसी प्रक्रिया की जानकारी ली और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान गैस गोदाम संचालक ने एसडीएम को बताया कि पिछले चार दिनों से सर्वर में तकनीकी समस्या आ रही है।
इस कारण उपभोक्ताओं की केवाईसी और गैस बुकिंग की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एसडीएम राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि यदि डीएसी वेरिफाई नहीं हो पा रही है, तो ग्राहकों को परेशान न किया जाए।ऐसे मामलों में उपभोक्ताओं का डीएसी नंबर रजिस्टर में दर्ज कर उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस वितरण में पारदर्शिता और उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम के औचक निरीक्षण से गैस गोदाम कर्मचारियों में सतर्कता देखी गई।एसडीएम ने रिकॉर्ड की भी जांच की और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सर्वर समस्या दूर होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके।