भास्कर न्यूज़ एजेंसी
फर्रुखाबाद –
सिद्धमढ़ी मंदिर का दानपात्र तोड़ हजारों की चोरी, सीसी कैमरों पर डाला कपड़ा
कंपिल, फर्रुखाबाद। नगर के मोहल्ला चौधरियान स्थित प्राचीन सिद्धमढ़ी शिव मंदिर में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने दानपात्र तोड़कर उसमें रखी हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ली। घटना से पहले चोरों ने मंदिर परिसर में लगे सीसी कैमरों की दिशा बदल दी और कुछ कैमरों पर कपड़ा डाल दिया, जिससे उनकी गतिविधियां कैमरों में कैद न हो सकें।
मंगलवार सुबह पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने दानपात्र टूटा देखा तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
मंदिर प्रबंधक एवं वार्ड पांच के सभासद प्रबल शाक्य ने बताया कि सोमवार देर शाम पूजा-अर्चना के बाद वह घर चले गए थे। मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचने पर शिवलिंग के पास रखा दानपात्र टूटा मिला और उसमें रखी नगदी गायब थी। उन्होंने बताया कि चोरों ने मंदिर में लगे सीसी कैमरों की दिशा बदलने के साथ ही कुछ कैमरों पर कपड़ा डाल दिया था।
प्रबल शाक्य ने बताया कि मंदिर का ट्रस्ट बन चुका है। इसके अध्यक्ष धीरज शाक्य हैं और वह स्वयं प्रबंधक हैं। वह करीब दो वर्षों से मंदिर की देखरेख कर रहे हैं। अध्यक्ष धीरज शाक्य और प्रबंधक प्रबल शाक्य के अनुसार वर्तमान में मंदिर में कोई बाबा या साधु नहीं रहता है। दोनों ही मंदिर की देखरेख करते हैं और मंदिर परिसर में सीसी कैमरे भी उनके द्वारा लगवाए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में चोरी की यह चौथी घटना है। इससे पहले मंदिर में रहने वाले बाबा गिरजानंद के कमरे का ताला तोड़कर भी हजारों रुपये चोरी किए जा चुके हैं। लगातार चोरी की घटनाओं से परेशान होकर बाबा मंदिर छोड़कर चले गए थे।
घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में रोष है। प्रबंधक प्रबल शाक्य ने बताया कि चोरी की सूचना पुलिस को दी जा रही है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार दानपात्र में हजारों रुपये की नगदी होने की संभावना है।
थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि उन्हें अभी मामले की जानकारी नहीं है। फिर भी मामले की जाँच करवाई जाएगी