Bhaskar News Agency
28 Apr 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कर्नाटक के बेलगावी पहुंचे थे। यहां उन्होंने चुनावी जनसभा में कहा- कांग्रेस को देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती। उन्होंने पहले कोरोना वैक्सीन पर सवाल उठाए फिर EVM के बहाने पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने की कोशिश की।
प्रधानमंत्री बोले – कांग्रेस के शहजादे को हमारे राजा-महाराजाओं के योगदान याद नहीं आते। ये वोटबैंक की राजनीति के लिए राजा-महाराजाओं के खिलाफ बोलने की हिम्मत करते हैं और नवाबों, बादशाहों और सुल्तानों के खिलाफ एक शब्द बोलने की ताकत नहीं है।
उन्होंने कहा- तुष्टिकरण ही कांग्रेस का लक्ष्य और मिशन है। PFI एक राष्ट्र विरोधी संगठन जिसे हमारी सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया था, कांग्रेस अपने राजनीतिक फायदे के लिए एक माध्यम के रूप में इसका इस्तेमाल कर रही है। वायनाड (राहुल गांधी की संसदीय सीट) में सिर्फ एक सीट जीतने के लिए कांग्रेस ऐसे आतंकी संगठन का बचाव करने में जुटी है।