भास्कर न्यूज़ एजेंसी –
फिल्म संवाददाता –
यह फिल्म एक हाई-ऑक्टेन स्पाई-एक्शन एंटरटेनर है, जिसमें रणवीर सिंह दो अलग-अलग किरदारों में नजर आएंगे। वह जस्किरत सिंह रंगी और हमजा अली माजरी के डुअल अवतार में दिखाई देंगे। मेकर्स का कहना है कि इस बार कहानी पहले से ज्यादा व्यक्तिगत और तीव्र संघर्ष से भरी होगी, जिससे फिल्म का रोमांच और भी बढ़ जाएगा।
काफी समय से चल रही अटकलों और फैंस की बढ़ती उत्सुकता के बीच जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज ने आखिरकार रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के ट्रेलर रिलीज की घोषणा कर दी है। फिल्म का ट्रेलर कल सुबह 11:01 बजे जारी किया जाएगा। मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए इस बात की पुष्टि की है।
फिल्म की कहानी उन अनजान नायकों पर आधारित है, जिनकी पहचान अक्सर पर्दे के पीछे रह जाती है, लेकिन जिनकी वजह से बड़े-बड़े मिशन पूरे होते हैं। इसी पृष्ठभूमि में इस बार संघर्ष और भी ज्यादा गहरा और भावनात्मक नजर आएगा।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ को पांच भाषाओं- हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज किया जाएगा। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 19 मार्च 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज का समय भी खास है, क्योंकि यह गुड़ी पड़वा और उगादी के मौके पर और ईद से ठीक पहले दर्शकों के बीच आएगी।
