September 2, 2026
Bhaskar News Agency
उत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद

गृह कलह में तीन बच्चों की मां ने लगाई फांसी, परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए किया अंतिम संस्कार

भास्कर न्यूज़ एजेंसी

फर्रुखाबाद –

*गृह कलह में तीन बच्चों की मां ने लगाई फांसी, परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए किया अंतिम संस्कार*

*शमशाबाद, फर्रुखाबाद।* थाना क्षेत्र के एक गांव में गृह कलह से तंग आकर तीन बच्चों की मां ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही आनन-फानन में ढाई घाट पर महिला का अंतिम संस्कार कर दिया।

घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। एक गांव निवासी महिला अपने तीन बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती थी। उसका पति नोएडा में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। परिजनों के अनुसार रात में महिला किसी बात को लेकर काफी परेशान थी।

रात में ही उसने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह जब बच्चे जागे तो उन्होंने मां को फंदे पर लटका देखा। यह मंजर देखते ही बच्चों की चीख निकल गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तो कमरे में महिला का शव फंदे पर लटका मिला।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। लेकिन परिजनों ने इस मामले की जानकारी पुलिस को देना जरूरी नहीं समझा और बिना किसी कानूनी कार्रवाई के सीधे शव को ढाई घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।

इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष सचिन सिंह चौधरी ने बताया कि इस घटना की कोई जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है। थाने में न तो किसी ने सूचना दी और न ही कोई तहरीर प्राप्त हुई है। यदि तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गांव में चर्चा है कि महिला लंबे समय से घरेलू कलह से परेशान थी, जिस कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

Related posts

तालाब से शव बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर हमला, कई घायल

admin

पत्रकार पर दर्ज मुकदमे के मामले में एसपी का सकारात्मक रवैया, ऐपजा ने जताई सहमति

admin

सपा सरकार में कराये गये विकास कार्योंं की कार्यकर्ता घर-घर जाकर दें जानकारी: डा0 जितेन्द्र सिंह यादव

admin

Leave a Comment