भास्कर न्यूज़ एजेंसी
फर्रुखाबाद –
हरिद्वार से 356 किमी पैदल कांवड़ लेकर पहुंचे 17 शिवभक्त, सोम सरोवर मंदिर में किया जलाभिषेक
ओम शक्ति
कंपिल, फर्रुखाबाद। भगवान शिव की भक्ति और आस्था से सराबोर 17 शिवभक्त हरिद्वार की हरकी पौड़ी से 51 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर करीब 356 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर सोमवार को कायमगंज पहुंचे। यहां सोम सरोवर शिव मंदिर (कुंडा) में भगवान शिव के शिवलिंग पर हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से जलाभिषेक किया।
शिवभक्तों ने बताया कि उन्होंने 10 अगस्त को हरिद्वार की हरकी पौड़ी से कांवड़ यात्रा शुरू की थी। प्रतिदिन करीब 50 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करते हुए सभी शिवभक्त आगे बढ़े। यात्रा के दौरान पेट्रोल पंपों और मंदिरों पर रुककर विश्राम किया। लंबी और कठिन यात्रा के बावजूद सभी शिवभक्तों में भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और उत्साह बना रहा।
शिवभक्तों के अनुसार, 16 अगस्त को वे कंपिल पहुंचे, जहां कालेश्वर मंदिर में रात्रि विश्राम किया। इसके बाद सोमवार दोपहर कायमगंज पहुंचकर सोम सरोवर शिव मंदिर (कुंडा) में भगवान शिव के शिवलिंग पर हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
कांवड़ यात्रा में शिवम, अंकित, आशीष, आयुष यादव, आयुष कश्यप, ओम कश्यप, शिव कुमार, रमन श्रीवास्तव, गणेश, टिंकू, गौतम कश्यप, कौशल, गगन, निर्मल, शम्भू और हर्षित समेत 17 शिवभक्त शामिल रहे।
कांवड़िया शिवम ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार में सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना की। साथ ही देश की तरक्की, सभी लोगों के स्वस्थ एवं खुशहाल रहने और देश में सुख-समृद्धि की कामना की।
हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के साथ पूरी हुई 356 किलोमीटर की यह पैदल कांवड़ यात्रा क्षेत्र में आस्था, भक्ति और समर्पण की मिसाल बनी रही।