भास्कर न्यूज़ एजेंसी
संवाददाता कानपुर –
कानपुर में किडनी कांड के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कल्याणपुर क्षेत्र में अवैध अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को एसीएमओ रमित रस्तोगी के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ कई अस्पतालों में छापेमारी की गई। इस दौरान तीन अस्पतालों को सीज किया गया, जबकि अन्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
छापेमारी के दौरान एक मकान में संचालित अस्पताल में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। जांच में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के अंदर बिस्तर रखा मिला और साथ ही मेडिकल स्टोर भी संचालित पाया गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पहले ओटी सीज करने के आदेश दिए गए, लेकिन मौके पर विवाद के बाद पूरे अस्पताल को ही सीज कर दिया गया।
नया शिवली रोड स्थित एमपी हॉस्पिटल में बिना रजिस्ट्रेशन सेवाएं संचालित पाई गईं। पहले भी ओटी सीज होने के बावजूद अस्पताल चल रहा था। इस पर तीन दिन में मरीज शिफ्ट करने के निर्देश देते हुए अस्पताल को सीज करने की कार्रवाई की गई।मैगन्स हॉस्पिटल और वेदा हॉस्पिटल में भी खामियां मिलने पर नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
एसीएमओ रमित रस्तोगी ने बताया कि किडनी कांड के बाद अवैध अस्पतालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। तीन अस्पतालों को सीज किया गया है और अन्य को नोटिस दिया गया है।