60 फीट गहरे सूखे कुएं में गिरी मासूम, आरक्षी मनोज कुमार ने जान जोखिम में डालकर बचाई बच्ची

भास्कर न्यूज़ एजेंसी

फर्रुखाबाद –

60 फीट गहरे सूखे कुएं में गिरी मासूम, आरक्षी मनोज कुमार ने जान जोखिम में डालकर बचाई बच्ची

कायमगंज, फर्रुखाबाद। ग्राम रसीदाबाद बल्लभ में स्कूल से घर लौट रही करीब 6 वर्षीय मासूम सौम्या पुत्री पवन अचानक करीब 60 फीट गहरे सूखे और संकरे कुएं में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मौके पर क्षेत्राधिकारी कायमगंज, उपजिलाधिकारी एवं थाना प्रभारी कायमगंज पुलिस टीम के साथ पहुंचे और तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया गया। इस दौरान आरक्षी 349 मनोज कुमार ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना रस्सी के सहारे गहरे कुएं में उतरकर मासूम बच्ची को सकुशल बाहर निकाल लिया।

आरक्षी मनोज कुमार के इस साहसिक प्रयास की मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की। उनकी तत्परता के चलते मासूम को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। इसके बाद बच्ची को एम्बुलेंस से उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद भेजा गया।
वहीं, ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली कि गांव में खुले और गहरे सूखे कुएं को सुरक्षित कराने के लिए पहले से कोई प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे खुले कुएं बच्चों और राहगीरों के लिए कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। प्रशासन से मांग है कि खुले व जर्जर कुओं को चिन्हित कर तत्काल सुरक्षित कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
आरक्षी मनोज कुमार के साहस और तत्परता ने एक मासूम की जिंदगी बचा दी।

संवाददाता- सचिन यादव

Related posts

झोलाछापों पर पैनी नजर, भास्कर की खास रिपोर्ट

धार्मिक गुरु एवं स्थानीय NGOs की बैठक

हरकरनपुर में दो घरों में नकब लगाकर लाखों की चोरी