भास्कर न्यूज़ एजेंसी
फर्रुखाबाद –
लाखों खर्च के बाद भी सड़कों पर अन्ना गोवंश, राहगीरों के लिए बने खतरा; मंडी में सैकड़ों मवेशियों का जमावड़ा
कायमगंज में हादसों के बावजूद जिम्मेदार बेखबर, किसानों की फसलों को भी पहुंचा रहे नुकसान
भूपेंद्र सिंह
कायमगंज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अन्ना गोवंश की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। लाखों रुपए खर्च किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में अन्ना गोवंश सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमते नजर आ रहे हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। वहीं किसानों की खड़ी फसलों को भी अन्ना गोवंश नुकसान पहुंचा रहे हैं।
कायमगंज नवीन मंडी स्थल के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में अन्ना गोवंश डेरा जमाए रहते हैं। इसके अलावा कंपिल रोड पर ईदगाह के पास भी सैकड़ों की संख्या में गोवंश सड़क पर घूमते और बैठे दिखाई देते हैं। बारिश के दौरान इनकी संख्या सड़कों पर और बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
सांड ने रिटायर्ड कर्मचारी को उठाकर पटक दिया था
अन्ना गोवंश के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। करीब छह महीने पहले नवीन मंडी स्थल के पास नगर पालिका के सेवानिवृत्त कर्मचारी चंद्र सिंह जाट पर अन्ना सांड ने हमला कर दिया था। सांड ने उन्हें उठाकर पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। इसके बावजूद अन्ना गोवंश को सड़कों से हटाने की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सुबह मंडी में पहुंच जाते हैं सैकड़ों मवेशी
व्यापारी संजय गुप्ता और रामू पंडित ने बताया कि सुबह के समय सैकड़ों की संख्या में अन्ना गोवंश मंडी में प्रवेश कर जाते हैं। इनके कारण मंडी में आने वाले व्यापारियों, किसानों और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मवेशियों के सड़क पर घूमने और अचानक सामने आ जाने से वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ती है।
किसानों की फसलों को भी नुकसान
अन्ना गोवंश किसानों के लिए भी बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। किसान नीरज, वीरेंद्र और लालू ने बताया कि अन्ना गोवंश खेतों में घुसकर बाजरा, मक्का समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों का कहना है कि दिन-रात मेहनत कर तैयार की गई फसल को मवेशियों से बचाना मुश्किल हो रहा है।
कभी मवेशियों की मौत तो कभी वाहन चालक घायल
कंपिल रोड पर अन्ना गोवंश अक्सर सड़क पर बैठकर समय गुजारते हैं। तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक आने से कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हादसों में कभी मवेशियों की मौत हो जाती है तो कभी वाहन चालक घायल होते हैं। कुछ मामलों में जान तक जाने की स्थिति बन जाती है।
BDO बोले- जल्द चलाया जाएगा अभियान
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि समय-समय पर अन्ना गोवंशों को पकड़वाने के लिए अभियान चलाया जाता है। जल्द ही अभियान चलाकर सड़कों और अन्य स्थानों पर घूम रहे अन्ना गोवंशों को पकड़वाया जाएगा।