हरकरनपुर में दो घरों में नकब लगाकर लाखों की चोरी

भास्कर न्यूज़ एजेंसी

फर्रुखाबाद –

  1. हरकरनपुर में दो घरों में नकब लगाकर लाखों की चोरी

कंपिल, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के गांव हरकरनपुर में मंगलवार-बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोरों ने नीरेश राजपूत के घर में दो अलग-अलग स्थानों पर नकब लगाकर करीब सात लाख रुपये के जेवरात और दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। वहीं पड़ोसी रमेश चंद्र के घर में नकब लगाने के दौरान फर्श की मिट्टी निकलने पर चोर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। बुधवार शाम फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

गांव निवासी नीरेश राजपूत मंगलवार शाम खाना खाने के बाद अपने छोटे बेटे अमन के साथ घेर में सोने चले गए थे। घर में उनकी पत्नी ममता, बेटी सोनी और बड़ा बेटा सुरजीत आंगन में सो रहे थे। रात में चोरों ने घर की किनारे वाली दीवार में दो अलग-अलग स्थानों पर नकब लगाकर कमरों में प्रवेश किया। एक कमरे में रखी अलमारी तोड़कर बहू के करीब सात लाख रुपये के जेवरात और दूसरे कमरे में रखा बक्सा तोड़कर दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी के बाद चोरों ने नकब को ईंटों से बंद भी कर दिया।

इसके बाद चोरों ने पड़ोसी रमेश चंद्र के घर की दीवार में भी नकब लगाने का प्रयास किया, लेकिन फर्श की मिट्टी निकलने पर वे मौके से भाग गए। बताया गया कि चोरों ने नीरेश के घर की दीवार के किनारे बनी नांद पर बैठकर भैंस का दूध निकाला और कटोरी से पीया। इसके बाद बाल्टी में भरा दूध और कटोरी वहीं छोड़कर फरार हो गए।

सुबह बेटी सोनी कमरे में झाड़ू लगाने पहुंची तो अलमारी टूटी और सामान बिखरा देखकर चीख पड़ी। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। चोरी का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी।

थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Related posts

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को झटका, कानपुर मंडल अध्यक्ष विनीत दुबे ने दिया इस्तीफा

ढाई घाट पहुंचे अधेड़ ने गंगा में लगाई छलांग, गोताखोर तलाश में जुटे,बेटे ने लगाया हत्या का आरोप

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर अचरा चौराहा हुआ कृष्णमय सजी दुकानें, झूले और कान्हा की मनमोहक तस्वीरों से गुलजार हुआ बाजार, भक्तों में उत्साह