रैली निकालकर छात्राओं ने डायरिया के प्रति किया जागरूक

भास्कर न्यूज़ एजेंसी

फर्रुखाबाद –

रैली निकालकर छात्राओं ने डायरिया के प्रति किया जागरूक

विश्व ओआरएस दिवस के उपलक्ष्य में गोष्ठी आयोजित

दो से तीन बार पतली दस्त हो तो बच्चों को दें ओआरएस : एसीएमओ

फर्रुखाबाद। स्थानीय रामानंद बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शुक्रवार को जन जागरूकता रैली निकालकर लोगों को डायरिया के कारण, बचाव और उपचार सम्बन्धी जरूरी संदेश दिए। इसके साथ ही विश्व ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जागरूकता गोष्ठी भी आयोजित की गयी।

पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने कहा कि डायरिया से डरने नहीं बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि इसका उपचार पूरी तरह संभव है। बच्चे को दिन में दो-तीन बार पतली दस्त हो तो ओआरएस का घोल और जिंक जरूर दें, क्योंकि यही इसका सही उपचार है।

एसीएमओ ने कहा कि “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। इसके लिए समुदाय में डायरिया के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना अति आवश्यक है। एसीएमओ ने कहा कि ओआरएस और जिंक सभी स्वास्थ्य इकाइयों और आशा कार्यकर्ताओं के पास उपलब्ध है, अगर बच्चे को डायरिया की शिकायत है तो इन जगहों से निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं l

गोष्ठी में पीएसआई इंडिया के अमरीश पाण्डेय ने स्टॉप डायरिया कैंपेन के दौरान जिले में आयोजित की जा रहीं गतिविधियों, जैसे- प्रचार वाहनों का संचालन, स्कूलों में आयोजित की जा रहीं गतिविधियों के बारे में चर्चा की। इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा संचालित कूड़ा कलेक्शन गाड़ियों के माध्यम से भी डायरिया से संबंधित जागरूकता संदेशों का प्रसारण कर कैंपेन में सहयोग किया जा रहा है।

बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) कंचन बाला, डीसीपीएम रणविजय प्रताप सिंह, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक राजीव पाठक, डॉ. विवेक सक्सेना, डॉ. शोभा सक्सेना, रामानंद बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रीता दुबे, अध्यापिका फरहाना, पीएसआई इंडिया से अनुपम मिश्र सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts

*गंगा का जलस्तर बढा एनडीआरएफ ने बाढ़ से बचाव व रेस्क्यू का दिया प्रशिक्षण*

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता, अन्याय पर होगा संघर्ष : अनिल मिश्रा

सीमा स्तंभ उखाड़कर गंगा में फेंकने का आरोप, 26 नामजद के खिलाफ कम्पिल थाने में मुकदमा दर्ज