भास्कर न्यूज़ एजेंसी
संवाददाता लखनऊ –
लखनऊ में 15 साल की लड़की लापता हो गई। वह देर शाम मौसा के साथ दवा लेने निकली थी। गांव के बाहर जाते ही मौसा ने लड़की के भाई को फोन किया। उन्होंने कहा कि जल्दी आ जाओ। तुम्हारी बहन को कुछ लोग उठाकर ले जा रहे हैं। मैं उनका पीछा कर रहा हूं।
घरवालों के पहुंचने पर उसके मौसा बेहोश मिले। लड़की के सभी कपड़े सहित अंडरगार्मेंट्स पड़े मिले। घटना मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित घैला पुलिस चौकी के पास की है। घरवालों ने डायल 112 पर सूचना दी। उसके बाद पुलिस पहुंची आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की।[एस डी आर एफ] की टीम गोमती नदी में सर्च अभियान चला रही है।
घरवालों के मुताबिक, लापता लड़की घैला पुल के पास रहने वाली रिया है। उसे मौसा कुलदीप मौर्या बुधवार रात खाना खाने के बाद रात 8 बजे दवा लेने के लिए अपने साथ ले गए। करीब 15-20 मिनट बाद रिया के भाई अरुण मौर्या के मोबाइल पर कुलदीप ने फोन किया और अपहरण की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही अरुण मौर्या (भाई) अपनी मौसी काजल मौर्या और मामा बृजेश के साथ घटनास्थल की ओर भागे। जब वे लोग पीपे वाले पुल के पास पहुंचे तो वहां मौसा कुलदीप मौर्य घटनास्थल पर बेहोशी की हालत में मिले। आसपास देखने लगे तो कुछ दूरी पर रिया के कपड़े और अन्य सामान मिले।
मामा ने बताया- मेरी भांजी रिया अपने मौसा के साथ दवा लेने गई थी। उसके मौसा ने भांजे अरुण को फोन कर बताया कि जल्दी आ जाओ। कुछ लोग रिया को खींचकर ले जा रहे हैं। हम लोग पहुंचे तो देखा उसके मौसा बेहोश मिले। यह घटना रात 8:30 के बीच की है।