भास्कर न्यूज़ एजेंसी
फर्रुखाबाद –
मोबाइल फटने से बाइक हुई अनियंत्रित, शटरिंग लदे लोडर में घुसी, तीन गंभीर घायल
आसिफ राजा
*शमशाबाद, फर्रुखाबाद।* कस्बा स्थित क्षेत्र में एक अजीब हादसे में मोबाइल फोन फटने से बाइक अनियंत्रित होकर शटरिंग लदे लोडर में घुस गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक और लोडर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बालीपुर भगवत निवासी राहुल (22) पुत्र ओमेंद्र सिंह और आदित्य कुमार (20) पुत्र उपेंद्र कुमार बुलेट बाइक से अपने गांव से शमशाबाद किसी कार्य से जा रहे थे। जैसे ही वे मंडी समिति चौराहे के पास पहुंचे, तभी राहुल की जेब में रखा एंड्रॉयड मोबाइल अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि युवक के कपड़े जल गए और शरीर झुलस गया।
अचानक हुए धमाके से बाइक सवार घबरा गया और बुलेट अनियंत्रित हो गई। सामने से शटरिंग का सामान लादकर जा रहे लोडर में बाइक जोरदार तरीके से घुस गई। लोडर चालक सुरेश कुमार (50) पुत्र रामकिशन निवासी खिन्नामिनी बताया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट बाइक लोडर के नीचे घुस गई और दोनों युवक खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों ने तत्काल थानाध्यक्ष शमशाबाद सचिन चौधरी को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सीएचसी शमशाबाद पहुंचाया।
सीएचसी पर ड्यूटी पर तैनात प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलीम अंसारी, फार्मासिस्ट कमलेश कुमार और विजय कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर तीनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस भेजकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों पक्षों की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।