भास्कर न्यूज़ एजेंसी
फर्रुखाबाद –
13वें तीर्थंकर भगवान विमल नाथ की जन्म एवं तप कल्याणक भूमि पर गुरु पूर्णिमा पर विमलनाथ तीर्थ संत निवास का हुआ भव्य शिलान्यास, जैन समाज में खुशी की लहर
ओम शक्ति
कम्पिल, फर्रुखाबाद। आषाढ़ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 13वें तीर्थंकर भगवान श्री विमलनाथ की जन्म एवं तप कल्याणक भूमि स्थित दिगम्बर जैन धर्मशाला परिसर में बुधवार दोपहर विमलनाथ तीर्थ संत निवास का भव्य शिलान्यास समारोह श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने भाग लेकर तीर्थ क्षेत्र के विकास के लिए अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण, भगवान श्री विमलनाथ के पूजन-अर्चन एवं विधि-विधान से हुआ। इसके पश्चात दिल्ली निवासी समाजसेवी नरेन्द्र कुमार जैन दिल्ली निवासी अंकुर जैन ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच विमलनाथ तीर्थ संत निवास का शिलान्यास किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयघोष करते हुए भगवान श्री विमलनाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत निवास का निर्माण होने से तीर्थ क्षेत्र में विराजमान होने वाले साधु-संतों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी धर्म एवं अध्यात्म से जुड़ने का एक सशक्त केंद्र मिलेगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्री विमलनाथ की जन्म एवं तप कल्याणक भूमि जैन समाज के लिए अत्यंत पवित्र तीर्थ है और इसके विकास के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष पुष्पराज जैन, महामंत्री सुशील जैन, कोषाध्यक्ष पवन कुमार जैन, पंडित कमल कुमार जैन, सदस्य संजय जैन (गोल्डी), अनंत कुमार जैन, कन्हैया लाल जैन, नरेश जैन, अनुराग जैन, आशीष जैन, दीपांशु जैन, सी.पी. पाण्डेय, कुलदीप सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने तीर्थ क्षेत्र के विकास, धर्म प्रचार एवं समाज की एकता के लिए सामूहिक रूप से सहयोग का संकल्प लिया। पूरे समारोह के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया।