भास्कर न्यूज़ एजेंसी
लखनऊ संवाददाता – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत से सीएम योगी के बाद दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक ने की मुलाकात। गुरुवार सुबह दोनों डिप्टी सीएम अलग-अलग निराला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचे। उसके बाद करीब 20-20 मिनट मोहन भागवत से की मुलाकात। इन मुलाकातों को सरकार-संगठन और संघ के बीच समन्वय के नजरिए से अहम माना जा रहा। सुबह पहले डिप्टी सीएम केशव मौर्य भागवत से मिलने के लिए पहुंचे। भागवत से विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई।
थोड़ी देर बाद ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे। उनसे भी कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। अहम यह रहा कि गुरुवार सुबह ब्रजेश पाठक ने पहले अपने आवास पर बटुकों की पूजा की। इसके बाद वह भागवत से मिलने के लिए पहुंचे।
संघ प्रमुख इन दिनों यूपी के दौरे पर हैं। गोरखपुर के बाद मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। आज वह मेरठ रवाना होंगे। संघ प्रमुख ने लखनऊ में दो दिनों के प्रवास के दौरान संगठन विस्तार और सामाजिक समरसता पर खोस फोकस किया। उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी और इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित किया।