भास्कर न्यूज़ एजेंसी
फर्रुखाबाद –
अर्थिंग तार में करंट से भैंस की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
मेरापुर/फर्रुखाबाद। मेरापुर थाना क्षेत्र के उन्नरपुर गांव में बिजली के अर्थिंग तार में अचानक करंट प्रवाहित होने से एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला।
बताया गया कि गांव निवासी गुड्डू पुत्र मलखान ने अपनी भैंस को बिजली के खंभे के पास बांध रखा था। शुक्रवार शाम अचानक खंभे के अर्थिंग तार में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भैंस मालिक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। इस दौरान भैंस को हटाने की कोशिश की गई, लेकिन अर्थिंग तार में करंट होने के कारण मौके पर खतरा बना रहा। हालांकि बाद में करंट का झटका लगने के बावजूद किसी ग्रामीण को गंभीर चोट नहीं आई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी खामियों को ठीक नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार एवं क्षेत्रीय लेखपाल विवेक पाल को दी गई, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई और नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से बिजली व्यवस्था और अर्थिंग की खामियों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
