बेटी के घर पहुंची मां और साथ आए दो लोगों से मारपीट: बीमार नाती को देखने गई थी महिला, पति-देवर और सास पर पीटने का आरोप

भास्कर न्यूज़ एजेंसी – बेटी के घर पहुंची मां और साथ आए दो लोगों से मारपीट: बीमार नाती को देखने गई थी महिला, पति-देवर और सास पर पीटने का आरोप ।
कायमगंज/फर्रुखाबाद।
कायमगंज में बेटी के बच्चे की तबीयत खराब होने की सूचना पर उसे देखने पहुंची महिला और उसके साथ गए दो लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बेटी के पति, देवर और सास पर बिना किसी बात के मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीरा पत्नी स्वर्गीय हेतपाल निवासी प्रेमपुर, थाना छिबरामऊ, जनपद कन्नौज ने कोतवाली कायमगंज में शिकायती पत्र दिया है। महिला के मुताबिक, उसकी बेटी रूबी के देवर ने फोन कर बताया था कि रूबी के बच्चे की तबीयत काफी खराब है। उसने महिला से बच्चों को देखने के लिए आने को कहा था।
मीरा के अनुसार, वह अपने साथ मूलचंद और ज्योति को लेकर बेटी के गांव शिवरई बरियार, कोतवाली कायमगंज पहुंची। आरोप है कि वहां पहुंचते ही बेटी के पति, देवर और सास ने बिना किसी बात के उसके साथ तथा उसके साथ आए मूलचंद और ज्योति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का कहना है कि किसी तरह वहां से बचकर तीनों गांव की सड़क पर पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की। इसके बाद गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

फर्रुखाबाद में 28 घंटे से मूसलाधार बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त; साहबगंज सबस्टेशन की 30 घंटे से बिजली गुल

फर्रुखाबाद एसपी ने 11 पुलिसकर्मियों की तैनाती बदली: एक निरीक्षक लाइन हाजिर, 10 को मिली नई जिम्मेदारी

फर्रुखाबाद के संकिसा में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बाबा नीम करोरी महाराज पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’