भास्कर न्यूज़ एजेंसी
फर्रुखाबाद –
ढाई घाट पहुंचे अधेड़ ने गंगा में लगाई छलांग, गोताखोर तलाश में जुटे,बेटे ने लगाया हत्या का आरोप
शमशाबाद, फर्रुखाबाद । अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव कुमरोहर निवासी एक 55 वर्षीय अधेड़ ने गुरुवार को ढाई घाट पर गंगा में छलांग लगा दी। घटना के बाद से गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं। वहीं अधेड़ के बेटे ने पिता के दोस्तों पर गंगा में फेंकने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार गांव कुमरोहर निवासी राजेश सिंह (55) पुत्र सूरजपाल सिंह गुरुवार को गांव के ही दो दोस्तों बड़े चौहान और रज्जू सोमवंशी के साथ बाइक से ढाई घाट पहुंचे थे। बताया गया कि घाट पर तीनों ने बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। इसके बाद राजेश सिंह ने पुल से गंगा में छलांग लगा दी।
घटना के बाद दोनों साथी घबराकर सीधे शमशाबाद थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल गोताखोरों को गंगा में उतारकर तलाश शुरू कराई। देर रात तक कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
शुक्रवार सुबह परिजन थाने पहुंचे और अधेड़ की तलाश कराने की गुहार लगाई। राजेश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र है। पत्नी रानी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। राजेश के आठ पुत्रियां और एक पुत्र है।
पुत्र राजन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पिता के दोस्त बाइक से जबरन पिता को ढाई घाट ले गए और शराब पिलाने के बाद उन्हें गंगा में फेंक दिया। उसने बताया कि दो साल पहले भी इन्हीं दोस्तों ने पिता के साथ मारपीट की थी।
थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि अधेड़ के गंगा में कूदने की सूचना मिली थी। रात में भी तलाश कराई गई है। गोताखोर और स्टीमर की मदद से तलाश जारी है। परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।