कायमगंज में कपड़ा व्यापारी से 4 लाख की लूट की सूचना फर्जी:दो आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज़ –

फर्रुखाबाद संवाददाता –

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में कपड़े व्यापारी से 4 लाख रुपये की कथित लूट का मामला जांच में फर्जी निकला। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि लूट की सूचना देने वाला युवक ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था। पुलिस ने आरोपी और उसके साथी के पास से 2 लाख रुपये बरामद किए हैं।

रविवार रात करीब 8:30 बजे कुबेरपुर निवासी उवैद पुत्र मखफूर ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह लालबाग स्थित ‘फैजुल कपड़े की दुकान’ से 4 लाख रुपये लेकर लौट रहा था। कस्तूरबा स्कूल के पास बाइक सवार दो लोगों ने उसे टक्कर मारकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूट लिया। सूचना मिलते ही सीओ राजेश कुमार और थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

जांच के दौरान उवैद के बयानों में दोषी मिलने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद उसने स्वीकार किया कि लूट की कोई घटना नहीं हुई थी। उवैद ने बताया कि वह फैजुल से लिए गए पैसों में से 2 लाख रुपये शानू को देने जा रहा था, लेकिन उसकी नीयत बदल गई।

उसने अपने साथी इमाद पुत्र तनवीर खां को बुलाया और उसे 2 लाख रुपये देकर लूट की झूठी कहानी रच दी। पूछताछ में इमाद ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने पैसे अपने पास छिपाकर रख लिए थे।थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और रुपयों को हड़पने के उद्देश्य से लूट की झूठी कहानी बनाई थी। बरामद रकम को मालखाने में जमा करा दिया गया है और दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related posts

फर्रुखाबाद में जिला जेल मार्ग पर हुआ हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत:

पुलिसकर्मी और कार ड्राइवर की मारपीट युवक बोला- दोनों हाथ टूट गए;

फतेहगढ़ में पाइपलाइन फटने से सड़क पर बहा पानी,