October 7, 2026
Bhaskar News Agency
उत्तर प्रदेशफर्रुखाबादफर्रुखाबाद

कंपिल-बदायूं मार्ग स्थित अटैना घाट से 101 व 51 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर पैदल निकले शिवभक्त

भास्कर न्यूज़ एजेंसी

फर्रुखाबाद –

कंपिल-बदायूं मार्ग स्थित अटैना घाट से 101 व 51 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर पैदल निकले शिवभक्त

ओम शक्ति कंपिल

कम्पिल, फर्रुखाबाद। सावन माह में भगवान शिव की भक्ति अपने चरम पर है। जिले के प्रमुख गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को जिला मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र के मोहल्ला कुंवरपुर से आए दर्जनों शिवभक्तों ने कम्पिल-बदायूं मार्ग स्थित अटैना घाट पर विधि-विधान से गंगाजल भरकर भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ अपनी पैदल कांवड़ यात्रा प्रारंभ की। श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह और भक्ति देखने को मिली।
मोहल्ला कुंवरपुर निवासी गगन, आशीष, आदित्य, देव, अमन, हीरू, राजन सहित अन्य कांवड़ियों ने स्टील के विशेष मटकों में 101 लीटर गंगाजल भरकर लगभग 70 किलोमीटर की पदयात्रा शुरू की। कांवड़िया हीरू ठाकुर ने बताया कि सभी श्रद्धालु शनिवार शाम अटैना घाट पहुंच गए थे। रात्रि विश्राम के बाद रविवार सुबह ब्रह्ममुहूर्त में गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की गई और विधिवत गंगाजल भरकर यात्रा प्रारंभ की गई। उन्होंने बताया कि सोमवार को मैनपुरी जनपद के प्रसिद्ध सोनई शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा तथा परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।
इसी मोहल्ले के आशीष अपने साथियों अवनीश, अरुण, बिल्लू और रोमी के साथ 51 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर पैदल यात्रा पर निकले। सभी श्रद्धालु कम्पिल-बदायूं मार्ग से होते हुए विभिन्न गांवों और कस्बों से गुजरते हुए लगभग 70 किलोमीटर की यात्रा पूरी करेंगे। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए सेवा शिविरों में विश्राम, पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है, जिससे कांवड़ियों को काफी सुविधा मिल रही है।
सावन माह में अटैना घाट शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। फर्रुखाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज और आसपास के जनपदों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां गंगाजल भरने पहुंच रहे हैं। पूरे मार्ग पर “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष लगातार गूंजते रहे। भगवा वस्त्र धारण किए कांवड़ियों की टोलियां भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ती रहीं, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में रंगा नजर आया। प्रशासन भी कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी बनाए हुए है।

Related posts

फर्रुखाबाद में लोहिया अस्पताल में बेंच पर बुजुर्ग महिला का शव मिला:

admin

IPS पर हमले में तीन सिपाहियों को 10–10 साल की सजा

admin

नाबालिग पुत्री को छेड़ने वाले कलयुगी बाप को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

admin

Leave a Comment