July 25, 2026
Bhaskar News Agency
फर्रुखाबादफर्रुखाबाद

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता ने आवास पहुंचकर दी बधाई

भास्कर न्यूज़ एजेंसी

फर्रुखाबाद –

संसाधन कम थे, हौसला बड़ा था: चक्रेश ने नीट में रचा नया कीर्तिमान, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता ने आवास पहुंचकर दी बधाई

ओम शक्ति

कम्पिल, फर्रुखाबाद। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता ने शनिवार देर शाम नगर के मोहल्ला चौधरियान, वार्ड-9 स्थित चक्रेश शाक्य के आवास पहुंचकर उन्हें नीट-2026 में मिली शानदार सफलता पर मिठाई खिलाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि चक्रेश की उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनका कहना था कि किसी क्षेत्र की पहचान केवल उसकी सुविधाओं से नहीं, बल्कि वहां के युवाओं की उपलब्धियों से भी होती है।

चक्रेश शाक्य ने नीट-2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 714 तथा ओबीसी वर्ग में ऑल इंडिया रैंक 214 प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके पिता डॉ. रविकांत शाक्य चिकित्सक हैं, जबकि माता वंदना गृहिणी हैं। बचपन से ही मेधावी रहे चक्रेश ने वर्ष 2024 में हाईस्कूल तथा वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद टॉपर बनकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

हाईस्कूल के बाद उन्होंने डॉक्टर बनने का लक्ष्य तय किया और ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से नीट की तैयारी शुरू की। प्रतिदिन 10 से 12 घंटे अनुशासित अध्ययन उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा। सीमित संसाधनों, पारिवारिक चुनौतियों और समाज के कुछ लोगों की आलोचनाओं के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने हर कठिनाई को अपनी प्रेरणा बनाया और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे।

नीट की तैयारी के दौरान उन्हें बड़ा झटका भी लगा। पहले प्रयास में उन्हें लगभग 692 अंक मिलने की उम्मीद थी, लेकिन परीक्षा रद्द हो गई। यह किसी भी अभ्यर्थी के लिए निराशाजनक स्थिति थी, फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। अतिरिक्त मिले समय का उपयोग उन्होंने अपनी कमजोरियों को दूर करने में किया और पहले से अधिक मजबूत तैयारी के साथ परीक्षा दी। उनकी यही मेहनत उन्हें देश के शीर्ष अभ्यर्थियों की सूची तक ले गई।

चक्रेश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, अनुशासित दिनचर्या और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना एक कुशल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना है। उनका मानना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत पूरी ईमानदारी से की जाए और कठिन समय में धैर्य बनाए रखा जाए, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता ने कहा कि चक्रेश की सफलता सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने देखने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मजबूत इरादों और निरंतर मेहनत के बल पर हर कठिनाई को पार किया जा सकता है।

Related posts

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार ने प्रा0 विद्यालय निनौआ का किया निरीक्षण

admin

श्रद्धालुओं को वितरित की हनुमान चालीसा पुस्तकें व फल

admin

दूसरे जनपदों तथा दिल्ली की कुल 8 टीमें ज्ञान क्रिकेट टूर्नामेंट में दिखायेंगी अपने बल्ले की चमक

admin

Leave a Comment