June 26, 2026
Bhaskar News Agency
फर्रुखाबाद

नर्सिंग होम में महिला की मौत — परिजनों का हंगामा, जांच के आदेश

भास्कर न्यूज़ एजेंसी

फर्रुखाबाद संवाददाता – फर्रुखाबाद के थाना कादरीगेट क्षेत्र के मसेनी स्थित कुलवंती हॉस्पिटल में 28 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

दिग्गी ताल निवासी राखी (28 वर्ष) पत्नी शिवकांत कश्यप, जिनकी शादी चार वर्ष पूर्व महौरी थाना उसराह, जनपद इटावा में हुई थी, मायके आई हुई थीं। एक सप्ताह पहले 20 तारीख को इसी अस्पताल में उनकी नार्मल डिलीवरी हुई थी। परिजनों के अनुसार डिलीवरी के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी और वह स्वस्थ थीं।

बीती रात अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद परिजन उन्हें पुनः कुलवंती हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने बिना समुचित जांच के दवा और इंजेक्शन दे दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और पेट फूल गया।

पति शिवकांत कश्यप ने आरोप लगाया कि पत्नी को दिखाने लाए थे, लेकिन अस्पताल में क्या लगाया गया, यह स्पष्ट नहीं है। उपचार के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और मौत हो गई।

महिला की छोटी बहन स्वेता ने थाना कादरीगेट में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल स्टाफ की लापरवाही के कारण राखी की मृत्यु हुई।

महिला के पिता रामलखन, मां सावित्री, भाई गौरव सहित अन्य परिजन भी मौके पर मौजूद रहे। परिजनों का कहना है कि हालत बिगड़ने पर विशेष डॉक्टर की व्यवस्था नहीं की गई। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनो ने जमकर हंगामा किया ।

सूचना मिलते ही थाना कादरीगेट पुलिस के साथ सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और सीएमओ अवनींद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली।

सीएमओ ने बताया कि महिला की मौत के मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है। पोस्टमार्टम पैनल से कराया जाएगा। साथ ही अस्पताल को खाली करवाकर सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

वनरक्षक द्वारा दी गई धमकी से भयभीत शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से की सुरक्षा की मांग

admin

नवाबगंज 186 होलिका स्थलों में दो गांव अतिसंवेदनशील, शांति की अपील

Bhaskarnews

सरकार में कैबिनेट मंत्री पर्यटन एवं जिला प्रभारी जयवीर सिंह ने जनपद पहुच कर कलेक्ट्रेट में की प्रेस वार्ता

admin

Leave a Comment